मुंबई में आग, इमारत गिरने और हादसों के दौरान मदद के लिए फायर ब्रिगेड ने 101 के अलावा 5 वैकल्पिक मोबाइल नंबर जारी किए हैं।
मुंबई: मुंबई में आग लगने, इमारत गिरने, सड़क हादसे या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए अब नागरिकों के पास फायर ब्रिगेड से संपर्क करने के पांच अतिरिक्त मोबाइल नंबर होंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 101 आपातकालीन नंबर के अलावा पांच वैकल्पिक नंबर जारी किए हैं। इसका मकसद अगर तकनीकी खराबी के कारण मुख्य नंबर की सेवा बाधित होती है तब पर भी लोगों तक समय पर मदद पहुंचाना है।
इन नंबरों पर आग लगने, इमारत गिरने, पेड़ उखड़ने, समुद्र या तालाब में किसी के डूबने और अन्य दुर्घटनाओं के दौरान फायर ब्रिगेड से संपर्क किया जा सकता है।
फायर ब्रिगेड के पांच नए नंबर
मुंबई में आपातकालीन स्थिति के दौरान 101 नंबर पर संपर्क करने में परेशानी होने पर नागरिक इन वैकल्पिक मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- 9076333101
- 9076333102
- 9076333103
- 9076333104
- 9076333105
इन नंबरों को जारी करने का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं में संपर्क की परेशानी को कम करना और दुर्घटना के समय मदद पहुंचाने में होने वाली देरी को रोकना है।
101 नंबर की सेवा में क्यों आ सकती है परेशानी?
मुंबई फायर ब्रिगेड का 101 आपातकालीन नंबर महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। इस सेवा में बार-बार तकनीकी खराबी आने और मरम्मत के लिए कर्मचारियों की कमी के कारण कभी-कभी फोन सेवा बाधित होने की आशंका रहती है।

ऐसी स्थिति में आग या किसी बड़ी दुर्घटना के समय नागरिकों को फायर ब्रिगेड से संपर्क करने में परेशानी हो सकती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पांच वैकल्पिक मोबाइल नंबर शुरू किए गए हैं, ताकि मुख्य नंबर पर सेवा उपलब्ध नहीं होने पर भी नागरिक दूसरे नंबरों के जरिए मदद मांग सकें।
हर साल आते हैं 15 हजार से ज्यादा आपातकालीन फोन
मुंबई फायर ब्रिगेड के मुख्य नियंत्रण कक्ष में हर साल 15 हजार से ज्यादा आपातकालीन फोन आते हैं। फायर ब्रिगेड का काम केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं है। इमारत गिरने, वाहन दुर्घटना, पशु-पक्षियों के फंसने, समुद्र या तालाब में लोगों के डूबने, पेड़ गिरने और सड़क पर तेल फैलने जैसी घटनाओं में भी टीम मदद के लिए पहुंचती है।
ऐसे मामलों में समय पर सूचना मिलना बेहद जरूरी होता है। खासकर आग लगने या इमारत गिरने जैसी घटनाओं में संपर्क व्यवस्था बाधित होने से राहत और बचाव कार्य में देरी हो सकती है।
मुंबई में 35 फायर स्टेशन और 22 त्वरित प्रतिक्रिया वाहन
बीएमसी की सीमा में लोगों की जान और संपत्ति को आग तथा अन्य आपदाओं से बचाने की जिम्मेदारी मुंबई फायर ब्रिगेड के पास है। फिलहाल शहर में 35 फायर स्टेशन और 19 छोटे फायर स्टेशन काम कर रहे हैं।
इसके अलावा भायखला में मुख्य नियंत्रण कक्ष है। भायखला, वडाला, मरोळ, बोरीवली, मानखुर्द और विक्रोली में छह क्षेत्रीय कमान केंद्र बनाए गए हैं। आपातकालीन घटनाओं में तेजी से पहुंचने के लिए 22 त्वरित प्रतिक्रिया वाहन भी तैनात हैं।
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि आग या अन्य आपातकालीन घटना होने पर तुरंत फायर ब्रिगेड से संपर्क करें। यदि 101 नंबर पर फोन नहीं लग रहा है या सेवा में परेशानी आ रही है, तो जारी किए गए पांच वैकल्पिक मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करें।
