आदिवासी महिला से बर्बरता, पति समेत 10 पर केस दर्ज, 7 डिटेन

banswara-tribal-woman-assault-case-10-named-7-detained

बांसवाड़ा में आदिवासी महिला के बाल काटकर मारपीट और निर्वस्त्र घुमाने का आरोप है। पति समेत 10 पर केस दर्ज, 7 लोग डिटेन किए गए हैं।

बांसवाड़ा: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक आदिवासी महिला के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट, बाल काटने और कपड़े फाड़कर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। महिला की शिकायत पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है और 7 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर बाकी लोगों की पहचान भी कर रही है।

युवक के साथ जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक महिला करीब 10 दिन पहले पास के गांव के एक युवक के साथ गई थी। इसके बाद उसके परिजन युवक के घर पहुंचे और महिला को वापस लेकर आए। आरोप है कि इसके बाद पति और उसके परिवार के लोगों ने महिला पर युवक के साथ भागने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की।

हालांकि, महिला ने पुलिस को दिए बयान में अलग वजह बताई है। उसका कहना है कि वह युवक के साथ मजदूरी करने गई थी। पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

1 सितंबर की घटना, दो दिन बाद सामने आया वीडियो

पुलिस के अनुसार घटना 1 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। इसका वीडियो 3 सितंबर को सामने आया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आया।

banswara-tribal-woman-assault-case

वीडियो में महिला को सड़क पर नंगे पैर ले जाते हुए बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। भीड़ में कुछ लोगों की आवाजें सुनाई देती हैं, जिनमें महिला के बाल काटने और उसके साथ मारपीट की बात कही जा रही है। इसके बाद महिला के बाल काटे जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।

महिला की शिकायत के मुताबिक, उसके कपड़े भी फाड़े गए और उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया। इस दौरान वह खुद को बचाने की कोशिश करती रही। वीडियो में कु8छ लोग घटना को मोबाइल से रिकॉर्ड करते हुए भी दिखाई देते हैं।

पति समेत 10 लोगों पर मामला, 7 डिटेन

घटना के बाद महिला थाने पहुंची और पति समेत परिवार की अन्य महिलाओं के खिलाफ मारपीट और अभद्रता की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत 10 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया है।

थानाधिकारी विनोद कुमार के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। 7 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

गढ़ी डीएसपी बाबूलाल के मुताबिक महिला को युवक के घर से वापस लाए जाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका रही।

महिला का मेडिकल कराया गया

घटना के बाद महिला का मेडिकल कराया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक फिलहाल महिला अपने पिता के पास है। पुलिस की जांच में उसके बयान, मेडिकल रिपोर्ट, वीडियो और नामजद आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों को अहम माना जा रहा है।

वीडियो ने भीड़ की भूमिका पर उठाए सवाल

इस मामले में सिर्फ आरोपियों की भूमिका ही जांच का विषय नहीं है, बल्कि घटना के दौरान मौजूद भीड़ भी सवालों के घेरे में है। वीडियो में कई लोग मौके पर मौजूद दिखाई देते हैं। कुछ लोगों द्वारा घटना को रिकॉर्ड किए जाने की बात भी सामने आई है।

अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि वीडियो में दिख रहे लोगों में से किसने महिला के साथ मारपीट की, किसने उसके बाल काटे और किन लोगों ने उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने में भूमिका निभाई।

महिला पर युवक के साथ जाने का आरोप सही था या वह अपनी मर्जी से मजदूरी के लिए गई थी, यह भी जांच में स्पष्ट होना बाकी है। हालांकि किसी भी आरोप की स्थिति में किसी व्यक्ति को भीड़ के जरिए सजा देने का अधिकार नहीं है।

मामले में पुलिस की जांच जारी है और वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

Ismail Shaikh Avatar
Discover more from  Indian fasttrack news

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Discover more from  Indian fasttrack news

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading