मुंबई वड़ाला स्थित टीटी नगर पुलिस लॉकप मे हुई युवक की मौत
संवाददाता – (इस्माइल शेख)
मुंबई– वडाला के टीटी नगर इलाके में कथित तौर पर एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक को बुरी तरह से पीटा गया। उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले हैं। परिजनों ने युवक की मौत के खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन किया, जिसके बाद टीटी नगर पुलिस स्टेशन के पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक
रविवार रात, सायन कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले विजय सिंह रात को खाना खाने के बाद अपने 2 दोस्तों के साथ बाइक पर घूमने के लिए निकल गया और अपनी होने वाली बीवी से बात करने के लिए घर से कुछ दूर वडाला ट्रक टर्मिनल तक चला आया। वडाला में जब वह अपनी बाइक खड़ी कर रहा था, तभी एक कपल पर बाइक की लाइट पड़ गयी, जिससे कपल नाराज हो गया। इसके बाद कपल ने विजय से झगड़ा करना शुरू कर दिया। यही नहीं उस कपल में शामिल लड़के ने फोन करके अपने अन्य दो दोस्तों को भी बुला लिया और सभी आपस में मारामारी करने लगे। तब तक किसी ने पुलिस को भी इस झगड़े की जानकारी दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर विजय और उसके दोनों दोस्तों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस स्टेशन ले आई।
आरोप है कि, पानी के लिए तड़प रहे विजय को पानी- पीने नही दिया गया, अस्पताल लेजाने के लिए बहाने बनाए.
विजय के घर वालों के मुताबिक लॉकअप में पुलिस ने विजय को काफी मारा और प्रताड़ित किया। इतने में वहां विजय के घर वाले भी पहुंच गए। रात के करीब 2.30 बजे विजय सिंह ने पुलिस से सीने में दर्द होने की शिकायत की और पीने के लिए पानी की मांग की। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी, यही नहीं जब विजय को उसकी मां पानी देने लगी तो पुलिस ने उसे डांटा और वहां से भगा दिया, थोड़ी देर बाद जब विजय के छोटे भाई ने पानी पिलाना चाहा तो पुलिस ने उसे भी मारा और भगा दिया।
पुलिस ने हॉस्पिटल ले जाने से मना किया
इसके थोड़ी देर बाद विजय बेहोश हो गया। विजय को बेहोश देख पुलिस ने उसे बाहर निकाल दिया। जब विजय के पिता ने पुलिस से विजय को अस्पताल ले जाने के लिए कहा तो पुलिस ने कहा कि उनके पास गाड़ी नहीं है। विजय के पिता ने एक टैक्सी की और अस्पताल ले गए। वहां ले जाने के बाद डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया।
विजय की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाने के सामने जमा हो गए और दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे।
मेडिकल रिप्रजेंटेटिव था विजय
विजय की मौत की खबर और लोगों के रोष की जानकारी मिलने पर इलाके के विधायक और सांसद ने भी मौके पर पंहुचकर विजय की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक विजय पेशे से फार्मा कंपनी में मेडिकल रिप्रजेंटेटिव था, जबकि उसके पिता टैक्सी ड्राइवर हैं।
Discover more from Indian fasttrack news
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




