मुंबई भारी बारिश के कारण चेंबूर घटना की तस्वीर
मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के कुछ इलाकों में सोमवार सुबह तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी है। भारी बारिश के कारण शहर में 25 लोगों की मौत हो गई, राज्य और केंद्र सरकार ने मुआवजा देने का एलान किया।
विशेष संवाददाता
मुंबई– मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों के कुछ स्थानों पर सोमवार सुबह तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधदूर्ग, कोल्हापुर और सतारा जिलों में जोरदार बारिश होने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
मुंबई में भारी बरसात से जुडी अलग-अलग घटनाओं में 25 लोग मारे गए हैं और आठ लोग घायल हुए हैं। चेंबूर, विक्रोली और चांदीवली में दीवार ढहने की घटना में 24 लोग मारे गए और आठ घायल हो गए। अंधेरी में कंरेट लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य सरकार ने दीवार ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री राहत कोष से इन धनादेश को जारी किया जाएगा।
मुंबई में तेज बारिश के चलते जगह-जगह जल जमाव हो गया है। सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं बारिश के कारण बाधित रहीं। लंबी दूरी की छह रेलगाडियों को रद्द कर दिया गया था। इसके साथ ही 12 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है और 12 अन्य ट्रेनों को मुंबई के बीच रेलवे ट्रैक पर रोक दिया गया।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका के अनुसार मुंबई के दहीसर, चेंबूर, विक्रोली, कांदिवली, मारोल, बोरीवली और वर्ली इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान 200 मिलीमीटर से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
Discover more from Indian fasttrack news
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




