मुंबई के अंधेरी इलाके में शुक्रवार को 54 वर्षीय बैंक अधिकारी की उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी। बिल्डिंग के सातवीं मंजिल से लाश को फेंक कर पुलिस को बताया आत्महत्या। (Amboli Police Station)
इस्माइल शेख
मुंबई- शहर के उपनगरीय अंधेरी इलाके में शुक्रवार को 54 वर्षीय बैंक अधिकारी की उसकी पत्नी और बेटे ने कथित तौर पर हत्या कर दी और शव को एक इमारत की सातवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। पुलिस उपायुक्त मंजूनाथ शिंगे ने बताया, कि दोनों ही आरोपियों ने कबूल किया कि वे मृतक से तंग आ चुके थे क्योंकि वह परिवार पर ध्यान नहीं देता था, उन्हें घर खर्च नहीं देता था और अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था।
उन्होंने बताया, कि अंधेरी (पश्चिम) के वीरा देसाई रोड स्थित सिडबी क्वार्टर में सुबह चार बजे से पांच के बीच यह दिल दहला देने वाली घटना हुई है। मृतक की पहचान 54 वर्षीय संतनकुमार शेषाद्री के रूप में हुई है। शव को परिसर में देखे जाने के बाद, इमारत के निवासियों द्वारा पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया। शुरू में इसे आत्महत्या माना जा रहा था।
लेकिन अंबोली पुलिस को उसके फ्लैट के फर्श और दीवारों पर खून के धब्बे मिले और दागों को धोने का प्रयास भी स्पष्ट दिखाई दे रहा था। इसके बाद अंबोली पुलिस ने संतनकुमार की 52 वर्षीय पत्नी जयशीला शेषाद्रि और 26 वर्षीय बेटे अरविंद से पूछताछ शुरू की। दोनों ने उसकी हत्या करने का अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने जयशीला और अरविंद को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from Indian fasttrack news
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
