
रोज़गार देने के बजाय, ठेकेदार ने मशीनों का इस्तेमाल कर मज़दूरों हक मार दिया..
संवाददाता- (कृपा शंकर भट्ट)
उत्तरप्रदेश– सिद्धार्थनगर जिले में मनरेगा के काम में मशीनों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव की दो सड़कों पर मिट्टी की पटाई के नाम पर ठेकेदार ने ट्रैक्टर से सड़क को समतल कर दिया है। जबकि ठेकेदार को यह काम मनरेगा के तहत ग्रामीणों से करवाना था। इस मामले में जिले के उच्च अधिकारी जांच कर कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर नंबर 8 के गांव बिहारीपुर की दो कच्ची सड़कों को मनरेगा से मिट्टी का काम करा कर ऊंचा करना था। लेकिन ठेकेदार ने इन सड़कों को ट्रैक्टर लगाकर जुतवा कर बराबर करा दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है, कि इस सड़क पर एक फिट भी नई मिट्टी नहीं डाली गई है, और ना ही किसी ग्रामीण से इस पर मनरेगा के तहत काम लिया गया है। ठेकेदार ने इन सड़कों को ट्रैक्टर लगाकर बराबर करा दिया और मिट्टी पटाई का कार्य दिखाकर सरकारी धन के बंदरबांट की तैयारी कर ली है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने यह काम अभी 8 दिन पहले ही किया है। ठेकेदार की कोशिश है कि इसी तरह लीपापोती कर वह भुगतान भी करा लेगा, लेकिन वे ऐसा होने नहीं देंगे। इस मामले को लेकर ग्रामीण उच्च अधिकारियों से शिकायत की तैयारी कर रहे हैं।
जालसाजी कर सरकारी धन हड़पने की कोशिश के इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर वे दोषी पाए जाने वाले हर शख्स पर कठोर कार्यवाही करेंगे।
आपको बताते चलें कि बर्डपुर नंबर 8 का यह बिहारीपुर गांव बर्डपुर के नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद नगर पंचायत में शामिल हो गया है। अब यहां ग्राम पंचायत से कोई भी नया काम नहीं हो सकता । ऐसे में आनन-फानन में ट्रैक्टर लगाकर लाखो रूपयो की लागत का यह काम फर्जी तरीके से ठेकेदार द्वारा कराना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।
Discover more from Indian fasttrack news
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




