मुंबई क्राईम ब्रांच युनिट 6 के अधिकारियों ने चोरी के मोबाइल फोन खरीद कर उसका IMEI नंबर बदलने के बाद दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह का भांडाफोड़ किया है। 5 लोगों की गिरफ्तारी के साथ लगभग 15 लाख 88 हजार 800 रूपये का माल जब्त।
इस्माईल शेख
मुंबई- क्राईम ब्रांच युनिट 6 के अधिकारियों ने 162 मोबाइल फोन चोरी के वारदातों के साथ एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है। जो मुंबई और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों से चोरी के मोबाइल फोन खरीद कर उसका IMEI नंबर बदलने का काम करते थे और बाद में दूसरे राज्यों में उसी चोरी के मोबाइल फोन को ऊंचे दामों में बेच दिया करते थे। मुंबई क्राईम ब्रांच युनिट 6 के अधिकारियों ने कार्यवाही के दौरान गोवंडी शिवाजी नगर के तीन मोबाइल की दुकानों में छापामारी कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक लैपटॉप 162 चोरी के मोबाइल फोन लगभग 15 लाख 88 हजार 800 रुपये का माल पंचनामे के तहत जब्त किया है।
मुंबई क्राईम ब्रांच युनिट 6 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक भरत घोणे ने बताया कि इसकी गुप्त जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति अपने साथियों की मदद से चोरी के मोबाइल फोन खरीद कर उसका IMEI नंबर बदल कर उंचे दाम में बेचने का काम करता है। इसकी और अधिक तहकीकात की गई। जिसमें पता चला कि आरोपी शिवाजी नगर के तीन जगहों पर मोबाइल की दुकानों का इस्तेमाल करते हैं। जहां लैपटॉप के जरिए मोबाइल फोन के IMEI नंबर बदलने का काम किया जाता है। 29 जुलाई को एक साथ तीनों दुकानों पर पंचों को लेकर छापामारी की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शिवाजी नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से पुलिस हिरासत में जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले की अभी और अधिक तहकीकात मुंबई क्राईम ब्रांच युनिट 6 के अधिकारी कर रहे हैं।

